उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की बैठक में आंदोलन का ऐलान, 12 फरवरी से कार्यबहिष्कार की रणनीति

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को टनकपुर डिपो कार्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में कर्मचारियों ने ड्यूटी व्यवस्था में लगातार हो रही अनियमितताओं, कर्मचारी शोषण, भ्रष्टाचार, बसों की खराब स्थिति तथा वर्कशॉप में स्पेयर पार्ट्स व मोबिल ऑयल की भारी कमी जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर आने के बावजूद उन्हें कार्य नहीं दिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों का मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है।

साथ ही डिपो में व्याप्त भ्रष्टाचार और संसाधनों की कमी से रोडवेज सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इस सम्बन्ध में यूनियन पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सीएम कैम्प कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी जीवन सिंह नेगी को सौपा।
यूनियन ने इन समस्याओं के समाधान हेतु दिनांक 12 फरवरी से कार्यबहिष्कार की रणनीति बनाने का निर्णय लिया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
बैठक में यूनियन पदाधिकारियों ने सहायक महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा यूनियन सदस्यों एवं पदाधिकारियों हरीश जोशी, नीरज सिंह, रवि शर्मा का स्थानांतरण तथा नियमित कर्मचारी चालक विनोद पाठक के निलंबन को यूनियन की अनदेखी व उत्पीड़न का जीता-जागता उदाहरण बताया।
यूनियन का कहना है कि मात्र एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण लेकर निलंबन करना पूर्ण रूप से गलत है। सोशल मीडिया में बयान को आधार बनाकर की गई कार्रवाई को संगठन ने अन्यायपूर्ण करार दिया।
संगठन की मंडल कार्यकारिणी की आपात बैठक में निर्णय लिया गया कि दिनांक 07 फ़रवरी को यूनियन का एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा, जिसमें टनकपुर डिपो में कर्मचारियों के प्रति अपनाए जा रहे शोषणकारी रवैये तथा भ्रष्टाचार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही 12 फरवरी को प्रस्तावित आंदोलन के संबंध में भी मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखी जाएगी।
बैठक में कर्मचारियों ने सहायक महाप्रबंधक के.एस. राणा तथा मंडलीय प्रबंधक आलोक बनवाल पर कर्मचारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। कर्मचारियों में इस कार्रवाई को लेकर खासा रोष व्याप्त है।
बैठक में प्रवीण जोशी, हरीश जोशी, शेर सिंह बिष्ट, रवि शर्मा, विनोद पाठक, विकास बहादुर, धीरज फर्त्याल सहित अन्य ट्रेड यूनियन नेता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।