मानव–वन्यजीव संघर्ष एवं वनाग्नि सुरक्षा को लेकर श्याला गांव में जागरूकता बैठक आयोजितचम्पावत।

खबर शेयर करें 👉

प्रभागीय वनाधिकारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को बूम वन क्षेत्र के सूखीढांग अनुभाग अंतर्गत ग्राम पंचायत श्याला में मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकथाम एवं वनाग्नि सुरक्षा/नियंत्रण को लेकर एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्याला द्वारा की गई।बैठक में अनुभाग अधिकारी सूखीढांग एवं ग्राम प्रधान द्वारा ग्रामीणों को वनों में आग लगने से होने वाले दुष्परिणामों, वन्यजीवों की सुरक्षा तथा वन्यजीवों से सुरक्षित रहने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

ग्रामीणों को बताया गया कि वनाग्नि न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि इससे मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं भी बढ़ती हैं।इस दौरान ग्रामवासियों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि वनाग्नि की घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए नाप भूमि से वनों की ओर आग न जाने दी जाएगी।

खेतों में आड़ा-कूड़ा जलाने पर सामूहिक रूप से प्रतिबंध लगाने तथा गांव स्तर पर सभी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

साथ ही वनाग्नि काल के दौरान वन विभाग को पूर्ण सहयोग देने का भी संकल्प लिया गया।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्याला, गिरीश चन्द्र जोशी (वन दरोगा), लालमणी जोशी (बीट अधिकारी), राजेन्द्र कुमार (बीट अधिकारी), पूर्व ग्राम प्रधान जगदीश प्रसाद, गोविन्द सिंह सामन्त, सोबन सिंह, जीत सिंह, नारायण सिंह, दीवान राम, करम कुमार, लाल सिंह, जीवन सिंह सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।