
चम्पावत। वन अग्नि की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से चम्पावत वन प्रभाग द्वारा शुक्रवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम राज्यव्यापी वन अग्नि सुरक्षा अभियान (01 से 07 फरवरी 2026) के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सल्ली (छीड़ापानी बीट, चम्पावत रेंज) में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण तथा स्थानीय ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले पर्यावरणीय, आर्थिक एवं जैव विविधता संबंधी गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही आग लगने के प्रमुख कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि सूखे पत्तों, झाड़ियों अथवा वन क्षेत्रों में आग लगाना दंडनीय अपराध है।
छात्र-छात्राओं के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि वन क्षेत्र में बीड़ी-सिगरेट अथवा माचिस का प्रयोग न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आग की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि वन हमारी जीवनदायिनी संपदा हैं, जिनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। स्थानीय नागरिकों से वनाग्नि रोकथाम में विभाग का सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर वन विभाग की ओर से चम्पावत रेंज के वन दरोगा जगदीश सिंह, वन बीट अधिकारी बलवन्त भण्डारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रधानाचार्य विपिन गुप्ता, शिक्षक सुभाष गहतोड़ी, कैलाश चौहान, शंकर जोशी, दिनेश अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का समापन वन संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।


