
टनकपुर (चम्पावत)। मंगलवार को महासंघ टैक्सी यूनियन कुमाऊं मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन टैक्सी स्टेण्ड के पार्किंग स्थल में किया गया।
जिसमे एटीएस के विरोध में चक्का जाम का किये जाने का ऐलान किया, कहा मांगे न मानने की दशा में जल्द ही चक्का जाम की घोषणा की जाएगी।
ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन को लेकर संघ ने गंभीर नाराज़गी जताई हैं ।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिन जनपदों में एटीएस कार्यालय नहीं हैं, वहाँ के टैक्सी व अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को दो से चार सौ किलोमीटर दूर जाकर वाहनों की फिटनेस करानी पड़ रही है।
इससे न केवल समय और धन की भारी बर्बादी हो रही है, बल्कि रोज़गार पर भी सीधा असर पड़ रहा है। यूनियन ने सरकार पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्या एटीएस सेंटरों से कोई ऐसा स्वार्थ जुड़ा है, जिसके चलते जानबूझकर वाहनों की फिटनेस सैकड़ों किलोमीटर दूर कराई जा रही है।
महासंघ ने इस नीति के विरोध में बंद और चक्का जाम का ऐलान किया। यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र समाधान नहीं किया तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।
महासंघ के अध्यक्ष ठाकुर सिंह ने बताया कि कुमाऊं मंडल में करीब 35 हजार टैक्सी वाहन संचालित हैं और लगभग एक लाख लोग प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से परिवहन कारोबार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सभी चालक और संचालक एकजुट हो गए, तो सरकार को अपनी दिशा और दशा बदलने पर मजबूर होना पड़ेगा।
बैठक के अंत में सरकार से मांग की गई किप्रत्येक जनपद में एटीएस केंद्र स्थापित किए जाएं, फिटनेस प्रक्रिया को सरल और स्थानीय बनाया जाए, परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाएवरना आंदोलन सड़क से सदन तक ले जाने का रास्ता अपनाया जाएगा।
इस दौरान महासंघ अध्यक्ष ठाकुर सिंह विष्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार भट्ट, महासचिव नवल किशोर, सचिव संजय लोहनी, मीडिया प्रभारी महेश पाण्डे, टनकपुर टैक्सी यूनियन के संरक्षक लक्ष्मण सिंह पाटनी, अध्यक्ष मदन कुमार, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह धामी, सचिव दीपक चंद्र जोशी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, वरिष्ठ संचालक जनार्दन भट्ट सहित कुमाऊं के सभी जनपदों के पदाधिकारी और टनकपुर यूनियन के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।


