
टनकपुर (चम्पावत)। शहरी क्षेत्र टनकपुर में नवीन पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य के चलते नगर की सड़कों और गलियों में जगह-जगह खुदाई हो रही है, जिससे आम जनता को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर सभासद चर्चित शर्मा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पाइपलाइन डालने के साथ-साथ सीवर लाइन एवं अन्य आवश्यक भूमिगत सरकारी योजनाओं का कार्य भी एक साथ कराया जाए।
➡️ प्रार्थना पत्र के माध्यम से जिलाधिकारी चंपावत को अवगत कराया गया है कि वर्तमान में टनकपुर शहर में पेयजल पाइपलाइन का कार्य चल रहा है, जिससे कई स्थानों पर सड़कें टूट-फूट चुकी हैं और आवागमन प्रभावित हो रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि कुछ समय बाद सीवर लाइन का कार्य शुरू हुआ तो सड़कों की खुदाई दोबारा करनी पड़ेगी और जनता को फिर से परेशानी झेलनी होगी।➡️ एक साथ कार्य होने से बचेगा समय और धन……..प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि इसी समय सीवर लाइन और अन्य आवश्यक भूमिगत योजनाओं को भी प्रारंभ कर दिया जाए तो भविष्य में सरकार को आर्थिक नुकसान नहीं होगा और जनता को बार-बार सड़क खुदाई की समस्या से राहत मिलेगी।नगरवासियों ने इसे वैज्ञानिक, आर्थिक और व्यावहारिक निर्णय बताते हुए कहा कि एकीकृत योजना के तहत कार्य होने से दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी तथा विकास कार्य अधिक सुव्यवस्थित ढंग से पूरे हो सकेंगे।
➡️ प्रशासन से जनहित में शीघ्र निर्णय की अपील…..नगरवासियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए पेयजल पाइपलाइन के साथ सीवर लाइन एवं अन्य आवश्यक भूमिगत योजनाओं को भी साथ में स्वीकृत कराकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में सभासद आशा भट्ट, वकील अहमद, बबीता वर्मा, हसीब अहमद, दिलदार अली और चर्चित शर्मा के हस्ताक्षर हैं।


