दयानन्द इण्टर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं के भावपूर्ण विदाई समारोह का हुआ आयोजन

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। दयानन्द इण्टर कॉलेज में आज कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य और भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के गौरवशाली सफर को याद करते हुए छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नही बल्कि संस्कारों की जननी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यहाँ से प्राप्त अनुशासन और ज्ञान उनके जीवन की आधारशिला बनेगा । इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने बारी बारी से विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। वरिष्ठ शिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों को जीवन के हर क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।विदाई समारोह के दौरान इंटरमीडिएट के अनेक छात्रों ने अपने विचार साझा किए।

उन्होंने विद्यालय में बिताए खट्टे-मीठे अनुभवों को याद करते हुए बताया कि कैसे शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनके व्यक्तित्व को संवारा है। इस दौरान जूनियर छात्रों द्वारा सीनियर साथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक डॉ मनुश्रवा आर्य द्वारा मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया । सभी छात्र छात्राओं को स्मृति चिह्न भेंट किए और उनके सफल एवं सुखद भविष्य की मंगलकामना की । इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक – शिक्षिकाएं और छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे ।