चम्पावत। आगामी वनाग्नि सत्र को देखते हुए वन विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी क्रम में मंगलवार को प्रभागीय वनाधिकारी, चम्पावत वन प्रभाग एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशों तथा वन क्षेत्राधिकारी बूम के आदेशानुसार ग्राम आमखर्क, बृजनगर (सूखीढांग) में वनाग्नि सुरक्षा एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकथाम विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।गोष्ठी ग्राम प्रधान सरस्वती देवी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को वनाग्नि से होने वाले दुष्परिणामों, उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल विभाग को दें, जंगलों में आग फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहें तथा वन संपदा की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
गोष्ठी में यह भी कहा गया कि आगामी वनाग्नि सत्र के दौरान वन विभाग को हर संभव सहयोग प्रदान करना सभी नागरिकों का दायित्व है। ग्रामीणों ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा हेतु पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
इस दौरान अनुभाग अधिकारी वन दरोगा महेश सिंह अधिकारी, वन दरोगा सुरेन्द्र सिंह बोहरा, चंद्र कुंवर विष्ट, प्रदीप सिंह चौहान, कमलजीत, वन बीट अधिकारी योगेश चंद्र जोशी, दिव्यांशु, वन आरक्षी प्रियंका विष्ट, नारायण दत्त जोशी, ग्राम प्रधान सरस्वती देवी, महेन्द्र सिंह, मनोज चौड़ाकोटी, कैलाश चंद्र जोशी, प्रकाश चंद्र चौड़ाकोटी, श्याम राम, मदन राम, मुकेश चंद्र मनोज सिंह, गंगाराम, लक्ष्मण राम सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।


