होली के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा टनकपुर बाजार में मिठाइयों और किराना दुकानों का सघन निरीक्षण

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर / बनबसा।आगामी होली के त्यौहार को देखते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून के आयुक्त और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को टनकपुर और बनबसा मार्केट में सघन चेकिंग अभियान चलाया। त्यौहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्रियों की बढ़ती मांग और खपत की संभावना को देखते हुए विभाग की टीम ने बाजार स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और किराना स्टोरों का बारीकी से निरीक्षण किया।

इस विशेष अभियान के दौरान टीम ने विशेष रूप से नमकीन मैदा और खोया घी , मिठाई जैसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध पाए गए कुल 5 नमूने एकत्र कर उन्हें जांच के लिए राजकीय लैब (रुद्रपुर) भेज दिया गया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही नियमानुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी व्यापारियों और खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे केवल गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही ग्राहकों को उपलब्ध कराएं। साथ ही, एक्सपायरी डेट (समाप्ति तिथि) वाली वस्तुओं के संबंध में विशेष सावधानी बरतने और उन्हें तुरंत स्टॉक से हटाने की चेतावनी भी दी गई। विभाग ने साफ किया है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह निरीक्षण अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। इस अभियान दल में अभिहित अधिकारी संजय सिंह वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी तथा सहायक दिनेश फर्त्याल मुख्य रूप से शामिल रहे।