
टनकपुर/ बनबसा। मित्र देश नेपाल में आयोजित संसदीय चुनाव के मद्देनज़र भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एवं सतर्कता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में सीमा को अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है।मनोज कुमार, कार्यवाहक कमांडेंट, 57वीं वाहिनी SSB के कुशल निर्देशन में जिलाधिकारी उधम सिंह नगर एवं चम्पावत द्वारा जारी आदेशों के तहत वाहिनी के समस्त सीमा चौकियों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके अंतर्गत दिनांक 03 मार्च की मध्य रात्रि से भारत–नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है, जो आज 05 मार्च की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा।इस अवधि के दौरान सीमा क्षेत्र में SSB के जवानों द्वारा सघन पैदल गश्त, वाहन गश्त एवं निगरानी गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जा रही हैं। साथ ही सीमा की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (APF) के साथ संयुक्त गश्त (Joint Patrolling) भी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनाधिकृत आवाजाही अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। 57वीं वाहिनी SSB द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में सीमा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वाहिनी का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा भारत–नेपाल सीमा पर किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकना है। SSB द्वारा स्थानीय प्रशासन एवं नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


