दिव्यांग महिला के घर जाकर आधार व दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के निर्देश

खबर शेयर करें 👉


चम्पावत। सोमवार को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद भर से आईं 127 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
जनता मिलन में ग्राम डुंगरासेठी की दिव्यांग महिला से जुड़े आधार व दिव्यांगता प्रमाण पत्र के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को शिकायतकर्ता के घर जाकर दस्तावेज बनाने के निर्देश दिए। ग्राम ढकना बडोला की श्रीमती हेमा देवी के पशु बीमा क्लेम मामले में मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राशन व आयुष्मान कार्ड, रोजगार, आर्थिक सहायता, अत्यधिक विद्युत बिल, पेंशन, श्रम कार्ड, आवास सहायता तथा भूमि पर डंपिंग जोन जैसे मामलों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के आदेश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भूमि जांच, डंपिंग जोन हटाने और क्षति की स्थिति में मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं फरियादी उपस्थित रहे।