
चम्पावत। रंगों के पर्व होली की उमंग इस बार जिला सूचना कार्यालय में कुछ अलग ही अंदाज़ में देखने को मिली। जिले भर के पत्रकारों के साथ आयोजित खड़ी होली ने पूरे परिसर को लोकसंस्कृति, अपनत्व और उत्साह के रंगों से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में प्रशासन और मीडिया के बीच आत्मीय संवाद का ऐसा वातावरण बना, जिसने इस होली मिलन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहे जिलाधिकारी मनीष कुमार, जो पत्रकारों के बीच पूरी आत्मीयता के साथ शामिल हुए और काली कुमाऊं की पारंपरिक खड़ी होली के सुरों पर स्वयं भी झूम उठे। ढोलक की थाप, मंजीरे की झंकार और सामूहिक स्वरों में गाए जा रहे पारंपरिक होली गीतों ने माहौल को पूरी तरह लोकमय बना दिया।
होली के गीत गूंजे तो पत्रकार, अधिकारी और कर्मचारी सभी एक सुर में बंधे नजर आए। रंगों की अबीर-गुलाल के साथ खड़ी होली ने कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक प्रस्तुत की। इस सफल आयोजन के सूत्रधार रहे जिला सूचनाधिकारी धीरज कार्की, जिनके प्रयासों की पत्रकारों ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद और सौहार्द को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने भी होली के पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। आत्मीय माहौल में हंसी-ठिठोली, रंग-अबीर और मिठाइयों की मिठास ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
जिला सूचना विभाग के सभी कर्मचारियों का सहयोग आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण रहा। उनकी सक्रिय भागीदारी और व्यवस्थाओं की सुचारु तैयारी ने कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
कुल मिलाकर, यह खड़ी होली केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रही, बल्कि प्रशासन और मीडिया के बीच विश्वास, संवाद और सौहार्द का सजीव उत्सव बनकर सामने आई। जिसकी मधुर स्मृतियां लंबे समय तक सभी के दिलों में रंग बिखेरती रहेंगी।
इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला सूचना अधिकारी धीरज कार्की, आशा गोस्वामी, वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पाण्डे, चंद्रबल्लभ ओली, बाबूलाल यादव, दिनेश खर्कवाल, दीपक फुलेरा, विनोद पाल, मयंक पंत, देवेन्द्र यादव, देवेन्द्र देवा, सतीश जोशी, दिनेश चंद्र पाण्डे, जगदीश राय, लक्ष्मण विष्ट, गिरीश विष्ट, सुरेश उप्रेती, कुंदन विष्ट, जया पुनेठा, शुभम गौड़, नवीन भट्ट, विनोद जोशी, दिनेश भट्ट, संजय पाण्डे सहित जिले भर के तमाम पत्रकार मौजूद रहे।


