एनसीआरटी द्वारा शिक्षकों एवं वार्डन्स के लिए गाइडेंस एंड काउंसलिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

खबर शेयर करें 👉

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीआरटी) द्वारा शिक्षकों एवं वार्डन्स के लिए गाइडेंस एंड काउंसलिंग विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान, भोपाल में सफलतापूर्वक किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत छात्राओं के मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक विकास को सशक्त बनाना रहा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मनोविज्ञान से संबंधित विविध सत्रों एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें किशोरावस्था से जुड़ी समस्याएँ, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास निर्माण, करियर मार्गदर्शन, व्यवहारिक परामर्श, भावनात्मक संतुलन एवं जीवन कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

इन सत्रों के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि शिक्षक एवं वार्डन किस प्रकार छात्राओं की भावनात्मक आवश्यकताओं को समझकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने हेतु सकारात्मक दिशा दे सकते हैं।

इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों एवं वार्डन्स ने सहभागिता की। उत्तराखंड राज्य से चार वार्डन्स का चयन इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु किया गया, जिनमें श्रीमती प्रेमा ठाकुर का चयन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

उनके चयन से न केवल संस्था बल्कि राज्य को भी गौरव की अनुभूति हुई है।इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री महेरबान सिंह बिष्ट एवं खंड शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी द्वारा इस उपलब्धि की विशेष रूप से प्रशंसा की गई तथा चयनित वार्डन्स को बधाई देते हुए कहा गया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य के संरक्षण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव भविष्य में विद्यालयों एवं छात्रावासों में सकारात्मक वातावरण निर्माण, प्रभावी परामर्श एवं छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।