टनकपुर में सीमान्त पत्रकार संगठन की आवश्यक बैठक का हुआ आयोजन, सर्व सहमति से संगठन विस्तार और सुचिता का लिया गया संकल्प, पंजीकरण के बाद संगठन को बनाया जायेगा धारदार

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर (चम्पावत)। शुक्रवार को टनकपुर में सीमान्त पत्रकार संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, उसके विस्तार और पत्रकारिता में सुचिता बनाए रखने को लेकर गंभीर मंथन किया गया।
संगठन अध्यक्ष बाबूलाल यादव की अध्यक्षता व उपाध्यक्ष दीपक फुलेरा के संचालन में आयोजित बैठक में सभी सदस्यों ने एकजुटता और समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। संगठन तहसील स्तर पर कार्य करेगा।
बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि संगठन पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर पैनी निगाह रखेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर रुख अपनाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए समाज में सकारात्मक और निष्पक्ष भूमिका निभाना है।
इस अवसर पर संगठन के शीघ्र पंजीकरण को लेकर भी निर्णय लिया गया, जिससे संगठन को एक सशक्त और वैधानिक पहचान मिल सके। वक्ताओं ने कहा कि पंजीकरण के बाद संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पत्रकारिता के दायित्वों का शिद्दत के साथ निर्वहन किया जाएगा तथा जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही समाजहित में रचनात्मक कार्यों को भी संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को नई दिशा और मजबूती देने के प्रति सभी सदस्यों ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस दौरान अध्यक्ष बाबूलाल यादव, महासचिव दिनेश खर्कवाल, सचिव विनय शुक्ला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भुवन पाटनी, उपाध्यक्ष दीपक फुलेरा, मीडिया कोऑर्डिनेटर विनोद पाल और कोषाध्यक्ष मयंक पंत मौजूद रहे।