टनकपुर में हाथी के हमले से महिला की दर्दनाक मौत, इलाके में दहशत

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 05 नई बस्ती निवासी एक महिला की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना मानव–वन्यजीव संघर्ष की एक दिल दहला देने वाली तस्वीर पेश करती है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला माधुरी पत्नी भूपराम निवासी वार्ड नं 05 टनकपुर जनपद चम्पावत अन्य महिलाओं के साथ जंगल क्षेत्र में लकड़ी लेने गई थी। इसी दौरान अचानक हाथी ने हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और प्रशासन में हड़कंप मच गया। घायल महिला को 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से टनकपुर उपजिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।अस्पताल में पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा पोस्टमार्टम प्रक्रिया जारी है।वन विभाग भी मौके पर सक्रिय हो गया है। डीएफओ कुंदन कुमार हल्द्वानी से टनकपुर के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बढ़ते संघर्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।