
बनबसा (चम्पावत)। दीपक सिंह जायाड़ा, कार्यवाहक कमांडेंट, 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कुशल निर्देशन में धनुषपुल बनबसा के सीमा चौकी बंगाली बस्ती के कार्यक्षेत्र में सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। लगभग सीमा चौकी से 100 मीटर की दूरी पर पीछे खुले मैदान की ओर अचानक आग एवं धुआँ उठता हुआ दिखाई दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीमा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) तिलक राज ने तत्काल चौकी के जवानों को एकत्र कर राहत एवं नियंत्रण कार्य प्रारंभ कराया तथा नजदीकी वन विभाग एवं सिंचाई विभाग को भी आग लगने की सूचना दी।इसके उपरांत सीमा चौकी बंगाली बस्ती के जवानों, वन विभाग एवं सिंचाई विभाग के कार्मिकों के संयुक्त एवं समन्वित प्रयासों से समय लगभग 14:30 बजे आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। इस त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे आसपास के वन क्षेत्र तथा नजदीकी ग्रामीणों के जान-माल की संभावित क्षति को टाला जा सका। उल्लेखनीय है कि इस घटना में किसी प्रकार की जन-धन हानि नहीं हुई।यह कार्यवाही पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक सुरक्षा के प्रति सशस्त्र सीमा बल की सजगता, तत्परता एवं समर्पण को दर्शाती है। इस सराहनीय कार्य में एसएसबी के उप निरीक्षक तिलक राज के नेतृत्व में सीमा चौकी बंगाली बस्ती के जवानों के साथ-साथ स्थानीय वन विभाग एवं सिंचाई विभाग के कार्मिकों ने साहसिक एवं प्रशंसनीय भूमिका निभाई।57 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ आपदा एवं आपात स्थितियों में स्थानीय प्रशासन एवं नागरिकों के सहयोग हेतु सदैव तत्पर रहता है।


