
चम्पावत। जनपद चम्पावत में आज पुलिस विभाग के लिए एक भावुक क्षण देखने को मिला, जब अधिवर्षता पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा को पुलिस परिवार द्वारा सम्मानपूर्ण विदाई दी गई। पुलिस लाईन चम्पावत में आयोजित विदाई समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने की। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी श्री राणा को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्री राणा अपने सेवाकाल में सरल, मृदु, शान्त एवं शालीन स्वभाव के साथ अनुकरणीय कार्यशैली के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सेवानिवृत्ति के उपरांत भी उनका मार्गदर्शन एवं सद्भाव पुलिस परिवार को मिलता रहेगा।समारोह में वक्ताओं ने क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह राणा के सेवाकाल के दौरान किए गए उल्लेखनीय कार्यों, अनुशासनप्रियता एवं नेतृत्व क्षमता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्हें एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील अधिकारी और प्रेरणास्रोत के रूप में याद किया गया। विदाई अवसर पर श्री राणा ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और निष्ठापूर्वक कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ बिताए पलों को अमूल्य बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ कार्य करने के अनुभव साझा करते हुए उन्हें स्नेहपूर्ण विदाई दी।


