
टनकपुर (चम्पावत)। टनकपुर क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां जूते-चप्पल की दुकान में काम करने वाली महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उनके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के सख्त निर्देशों के तहत महिला अपराधों में त्वरित कार्रवाई के तहत सोमवार को कोतवाली में पीड़िताओं द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया। शिकायत में बताया गया कि बस स्टैंड रेलवे फाटक के पास स्थित जूते-चप्पल की दुकान चलाने वाला व्यक्ति शहंशाह और उसकी एक महिला सहयोगी ने उन्हें काम पर रखा था। पीड़िताओं का आरोप है कि जब उन्होंने मेहनताना मांगा, तो आरोपी ने उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उन्हें डरा-धमकाकर दुकान के अंदर ही जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, इस दौरान उनका वीडियो भी बना लिया गया और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली टनकपुर में तत्काल धारा 64 और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना महिला उपनिरीक्षक गुरविंदर को सौंपी गई, जिन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान समसुल हसन उर्फ शहंशाह (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 2, मस्जिद कॉलोनी, टनकपुर, जनपद चंपावत के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


