
टनकपुर (चम्पावत)। दयानन्द इंटर कॉलेज में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला अस्पताल चम्पावत से दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. बबीता वर्मा ने छात्राओं को संबोधित किया।डॉ. वर्मा ने अपने संबोधन में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए शिक्षा, कौशल विकास और आत्मविश्वास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि आज के समय में बालिकाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अपने जीवन के महत्वपूर्ण निर्णय स्वयं ले सकें।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ओरल हाइजीन (दंत स्वच्छता) के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सही तरीके से दांत साफ करने, नियमित जांच कराने तथा संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी। साथ ही, दांतों से संबंधित सामान्य समस्याओं और उनके बचाव के उपाय भी बताए। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने सवालों के जवाब प्राप्त किए। इस कैरियर काउंसलिंग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम से छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।विद्यालय प्रबंधक डॉ मनुश्रवा आर्य ने डॉ. बबीता वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं के समग्र विकास में सहायक होते हैं। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य माहेश्वरी पांडेय, गायत्री कृपा , साक्षी आदि उपस्थित रहे ।


