
टनकपुर (चम्पावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को धुरा में आयोजित ‘सशक्त बहना’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए हेलीकॉप्टर से टनकपुर पहुंचे। टनकपुर पहुंचने पर स्टेडियम में मुख्यमंत्री का भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया।स्टेडियम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, चेयरमैन विपिन कुमार, भाजपा नेता मुकेश कलखुड़िया सहित तमाम लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत किया।मुख्यमंत्री कुछ देर स्टेडियम में रुकने के बाद कार द्वारा धुरा के लिए रवाना हुए, जहां वे ‘सशक्त बहना’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर महिलाओं एवं महिला समूहों से संवाद करेंगे।इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे धुरा में तमाम बहनों से राखी बंधवाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति अपने हुनर और मेहनत के बल पर स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने के साथ ही स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री के टनकपुर आगमन को लेकर प्रशासन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्टेडियम में उनके स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया।


