नगर पालिका परिषद टनकपुर में भावुक माहौल, जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा व कर्मी अर्जुन सिंह को दी गई विदाई

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका परिषद टनकपुर में मंगलवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें लंबे समय तक सेवाएं देने वाले जेई लक्ष्मण सिंह बोहरा और पालिका कर्मी अर्जुन सिंह के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों के योगदान को याद करते हुए कहा कि लक्ष्मण सिंह बोहरा ने अपने सेवा काल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से विभाग को निरंतर मजबूती मिली।
वहीं अर्जुन सिंह को सहकर्मियों ने परिवार के सदस्य के रूप में याद किया। वक्ताओं ने कहा कि अर्जुन सिंह ने हमेशा बड़े भाई की तरह सभी का मार्गदर्शन किया और हर परिस्थिति में सहयोग के लिए तत्पर रहे। उनकी सरलता, मिलनसार स्वभाव और समर्पण भावना को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि दोनों के सेवानिवृत्त होने से विभाग में एक खालीपन महसूस होगा, लेकिन उनके साथ बिताए गए पल और उनकी सीख सभी के लिए अमूल्य धरोहर बनी रहेगी।
समारोह के अंत में दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की गई। इस दौरान चेयरमेन, अधिशाषी अधिकारी, पालिका सभासद और पालिका के समस्त कर्मी मौजूद रहे।