सितारगंज पुलिस नें अवैध शराब के 945 टेट्रा पैक के साथ टनकपुर निवासी दो लोगों को किया गिरफ्तार, शराब तस्करी में लिप्त कार को किया सीज

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर/सितारगंज। टनकपुर से निकली अवैध देशी शराब की खेप सितारगंज पहुंचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई। सिल्वर रंग की Swift Dzire में 21 पेटियां भरकर ले जाई जा रही 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी टनकपुर क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चीकाघाट चौराहे के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही चालक ने कार को मोड़कर रसईयापुर की ओर भगाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस टीम भी पीछे लग गई और आखिरकार कार को रोककर दोनों आरोपितो को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार कार की पिछली सीट पर तीन प्लास्टिक के कट्टों में 9 पेटियां और डिग्गी में तीन कट्टों में 12 पेटियां रखी मिलीं। कुल छह कट्टों में 21 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल के MALTA SPICED COUNTRY SPIRIT के टेट्रा पैक थे। पुलिस टीम ने 945 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी सीज कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी स्याल पुत्र सुदेश स्याल, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम बोहरागोठ, तहसील पूर्णागिरी, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत तथा तुषार पुत्र प्रेमपाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 04 गफूर बस्ती, तहसील पूर्णागिरी, थाना टनकपुर, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है।अब सवाल यह है कि टनकपुर से निकली शराब की यह खेप आखिर कहां पहुंचनी थी और इस कारोबार के पीछे कौन-कौन से चेहरे जुड़े हैं? पुलिस की कार्रवाई के बाद यह सवाल भी चर्चा में है कि शराब तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचकर निकलने की योजना तो बनाई, लेकिन चेकिंग के सामने उनकी पूरी ‘प्लानिंग’ धरी की धरी रह गई।सितारगंज पुलिस ने बरामद शराब, छह प्लास्टिक कट्टों और Swift Dzire कार संख्या UK04Y5925 को कब्जे में ले लिया है। मामले में कोतवाली सितारगंज में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी सरकड़ा दीपक तिवारी, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार तथा कांस्टेबल संदीप सजवान शामिल रहे।