
टनकपुर (चम्पावत), बुधवार की शाम नगर के मुख्य बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक होटल व्यापारी, उसके पुत्रों और साथियों द्वारा कथित रूप से टैक्सी चालकों के साथ सरेआम मारपीट कर दी गई। इस घटना में 23 वर्षीय राहुल सक्सेना पुत्र राजेश सक्सेना निवासी वार्ड नं 03 टनकपुर, 38 वर्षीय चरन पुत्र धूम सिंह निवासी खटीमा, 33 वर्षीय दीपक पुत्र जगदीश निवासी
नई बस्ती टनकपुर और बोरागोठ निवासी संजू गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ. मो. उमर और उनकी टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही टैक्सी यूनियन में भारी आक्रोश फैल गया। यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों टैक्सी चालकों और वाहन स्वामियों ने बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया और घटना के विरोध में तत्काल प्रभाव से टैक्सी संचालन पूरी तरह ठप कर दिया।
इस अचानक बंद के चलते मां पूर्णागिरि धाम आने-जाने वाले तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और कई लोग वैकल्पिक साधनों की तलाश में भटकते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी होटल व्यापारी और उसके एक पुत्र को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, यूनियन का कहना है कि जब तक सभी पांचों आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। वहीं मौके पर पुलिस और यूनियन पदाधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। माँ पूर्णागिरि मेले के दौरान टैक्सी संचालन ठप होने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई जिस कारण तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा वही बाजार में तनाव का माहौल दिखाई दिया।
टैक्सी यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर है कि आखिर कब तक हालात सामान्य होते हैं और यात्रियों को कब तक राहत मिल पाती है । हालांकि पुलिस और यूनियन के बीच संचालन को लेकर वार्ता जारी है।


