
चम्पावत, 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार को बड़ी सौगात मिली है। जिले में 951.91 लाख रुपये यानी करीब 9.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ऑल वेदर स्विमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही इसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
पूल्ड आवास के समीप स्थित गेस्ट हाउस के बगल में प्रस्तावित इस स्विमिंग पूल के बनने से बच्चों, युवाओं और खिलाड़ियों को वर्षभर तैराकी का प्रशिक्षण और अभ्यास करने की सुविधा मिल सकेगी। इससे जिले की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और विभिन्न प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
स्विमिंग पूल के साथ विकसित होंगी कई खेल सुविधाएं
परियोजना के तहत केवल स्विमिंग पूल ही नहीं, बल्कि शूटिंग रेंज, चेंजिंग रूम और लॉन टेनिस कोर्ट जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इन सुविधाओं के तैयार होने के बाद चम्पावत में खेलों के लिए बेहतर और आधुनिक आधारभूत ढांचा तैयार होगा।
परियोजना प्रबंधक, निर्माण इकाई खेल, श्री रवीन्द्र कुमार ने बताया कि ऑल वेदर स्विमिंग पूल के निर्माण से बच्चों और युवाओं को नियमित तैराकी प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने जताई खुशी
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने परियोजना की स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिले में आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि चम्पावत में विभिन्न खेल विधाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री के ‘खेलों इंडिया’ विजन के अनुरूप जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ऑल वेदर स्विमिंग पूल के साथ अन्य खेल सुविधाओं के विकसित होने से चम्पावत में खेल संस्कृति को मजबूती मिलने की उम्मीद है।


