पूर्णागिरी मेले में अधिकांश व्यवस्थाएं दुरुस्त, पर मीडिया सेंटर व पेयजल व्यवस्था पर उठे सवाल

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। विश्व प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरी मेले में जहां अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक दिखाई दे रही हैं, वहीं कुछ महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की कमी सामने आने से तीर्थयात्रियों और मीडिया कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से जिला पंचायत द्वारा अभी तक मीडिया सेंटर की स्थापना न किए जाने और बूम वन विभाग बैरियर से ठूलीगढ़ तक लगभग छह किलोमीटर लंबे मार्ग में पेयजल टैंकों की व्यवस्था न होने से पैदल यात्रियों में असंतोष देखा जा रहा है।मेला क्षेत्र में मौजूद पत्रकारों द्वारा जब इस समस्या की जानकारी मेला मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम अनुराग आर्य को दी गई, तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत को शीघ्र मीडिया सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही जल संस्थान को भी निर्देशित किया गया कि बूम वन विभाग बैरियर से ठूलीगढ़ तक पैदल तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल टैंकों की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।एसडीएम अनुराग आर्य ने कहा कि माँ पूर्णागिरी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने दावा किया कि मेले में सुरक्षा, सफाई, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है और जहां भी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें तुरंत दूर करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। हालांकि मीडिया सेंटर और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में हुई देरी ने व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासन ने अब त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।