बैनर विवाद पर टनकपुर महाविद्यालय में हंगामा, छात्रनेता ने पेट्रोल डाल आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस ने बचाया बड़ा हादसा

खबर शेयर करें 👉


टनकपुर/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में मंगलवार को बैनर विवाद उस समय गंभीर रूप ले गया, जब छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कोहली ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से समय रहते माचिस छीन ली गई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद महाविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एनएसयूआई द्वारा महाविद्यालय परिसर में लगाए गए बैनर को हटाए जाने को लेकर छात्र नेताओं में नाराजगी थी। छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद कोहली अपने साथियों के साथ मंगलवार सुबह महाविद्यालय पहुंचे और प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी से बैनर हटाने का कारण पूछा। छात्र नेताओं का आरोप है कि एनएसयूआई का बैनर हटाकर एबीवीपी का बैनर लगाया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया।
वहीं महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्र नेताओं ने बिना पूर्व अनुमति देर रात परिसर में प्रवेश कर बैनर लगाया था, जो महाविद्यालय के नियमों के विरुद्ध था। इसी कारण बैनर हटाया गया।
बताया जा रहा है कि छात्र नेताओं ने प्रशासन को दोपहर 12 बजे तक उसी स्थान पर बैनर दोबारा लगाने की चेतावनी दी थी। साथ ही ऐसा न होने पर आत्मदाह करने की बात भी कही थी। निर्धारित समय तक बैनर नहीं लगाए जाने पर राजेन्द्र प्रसाद कोहली प्राचार्य कक्ष के बाहर पहुंचे और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। जैसे ही उन्होंने माचिस जलाने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें पकड़ लिया और माचिस छीनकर बड़ी अनहोनी होने से बचा लिया।
घटना के बाद परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस ने राजेन्द्र प्रसाद कोहली, दीपक बेलवाल सहित चार छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की है।बैनर विवाद को लेकर छात्र संगठन और महाविद्यालय प्रशासन आमने-सामने हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।