
टनकपुर/चम्पावत। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया।प्रदर्शन का नेतृत्व नगर अध्यक्ष श्याम कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई की रफ्तार “सुरसा के मुंह” की तरह बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन यापन करना बेहद कठिन हो गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि से आम जनता की कमर टूट चुकी है, जबकि सरकार इस ओर ध्यान देने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल,नगर अध्यक्ष श्याम कुमार, डॉ वीके जोशी,सूरज मिश्रा, पान सिंह, राहुल राज, अर्जुन शर्मा, करन सिंह, राहुल कुमार गौड़, विनोद बडोला, आदिल, एडवोकेट शाहवेज, सौरव गिरी, अमन रावत, आसिफखान, अयान, इरशाद अंसारी, अदनान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।


