
टनकपुर (चम्पावत)। ग्राम पंचायत छीनीगोठ तल्ली की लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधी समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा ने ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री को सम्बोधित पत्र सीएम कैम्प कार्यालय में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार को सौपा। जिसमे इस मामले में शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ग्राम प्रधान ने मुख्यमंत्री से ग्राम के शिष्टमंडल को मिलने का समय देने का भी अनुरोध किया है, ताकि ग्रामीणों की समस्या को उनके समक्ष विस्तार से रखा जा सके।मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत छीनीगोठ का गठन हुए लगभग 25 वर्ष हो चुके हैं तथा पिछले करीब 22 वर्षों से ग्राम प्रधान एवं वार्ड सदस्यों का निर्वाचन होता आ रहा है। इसके बावजूद ग्राम की भूमि से संबंधित समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि 10 नवंबर 2008 को तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा छीनीगोठ, छीनीगोठ तल्ल्ली एवं छीनीगोठ मल्ली से संबंधित मामले को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में अंतिम निर्णय काश्तकारों के हक में दिया गया था। इसके बाद वन विभाग द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे मामलों को वापस लिए जाने की बात भी पत्र में कही गई है।ग्राम प्रधान के अनुसार, इस मामले में 4 अगस्त 2025 को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में एक फाइल प्रस्तुत कर कार्रवाई एवं मिलने का समय मांगा गया था। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी फाइल के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है और न ही मिलने का समय निर्धारित किया गया।ग्राम प्रधान ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वर्षों से लंबित इस भूमि संबंधी प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा ग्राम के शिष्टमंडल को मिलने का समय प्रदान किया जाए, जिससे ग्रामीणों की समस्या का समाधान हो सके।ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री स्तर से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे और लंबे समय से लंबित भूमि समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल होगी।इस दौरान ग्राम प्रधान इंद्रदेव विश्वकर्मा, उप प्रधान सुनील नरियाल, श्याम सिंह, सुरेश चंद्र गहतोड़ी, नवीन चंद्र गहतोड़ी, शंकर जोशी, मनोज कुमार, घनश्याम पंत, कुबेर सिंह, सूरज भट्ट, देवसिंह,दलीप राम, मोहन कलोनी, उमेश चंद्र, नारायण सिंह ज्याला, संजय कलोनी, राजेंद्र सिंह, माधवानन्द जोशी सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।


