माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति ने अध्यक्ष दीपा देवी की अध्यक्षता में किया बैठक का आयोजन, महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर दिया जोर

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत)। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका के सामुदायिक भवन में माँ पूर्णागिरी पर्यावरण संरक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक समिति की अध्यक्ष दीपा देवी की अध्यक्षता तथा उपाध्यक्ष सुनीता सक्सेना एवं निकिता भार्गव के संयुक्त संचालन में सम्पन्न हुई।बैठक में समिति के समक्ष विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की गई। विशेष रूप से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों पर बल दिया गया। अध्यक्ष दीपा देवी ने कहा कि समिति के माध्यम से आने वाले समय में कचरे के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित किए जाएंगे। जिसके लिए महिला समूहों का गठन किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि अपशिष्ट सामग्री से उपयोगी उत्पाद तैयार करने की दिशा में कार्य प्रस्तावित है, वहीं समिति के महिला समूहों द्वारा अगरबत्ती, मोमबत्ती, बांस से ट्री गार्ड के अलावा प्लास्टिक से विभिन्न सजावटी व उपयोगी सामान जैसे गमले, टोकरियां एवं फूलदान आदि बनाने की योजना शामिल है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्राप्त होगा।बैठक में समिति की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपने-अपने सुझाव रखते हुए इस पहल को सफल बनाने का संकल्प लिया। सभी ने मिलकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।बैठक में अध्यक्ष दीपा देवी के अलावा सुनीता सक्सेना, निकिता भार्गव, पुष्पलता, नीलम श्रीवास्तव, सुनीता देवी, आशा देवी, मंजू देवी, खीमा देवी, भगीरथी देवी, भगवान देवी, ऊषा देवी, दीपा पाटनी, लीलावती देवी, कमला विष्ट, विमला विष्ट, माया देवी, काजल कृष्णा विष्ट, मनप्रीत कौर, जसविंदर कौर, प्रियंका शर्मा, नीलम, सुमन, शारदा, कीर्ति, ममता, सोनी, रीता विश्वकर्मा, पूजा देवी, जयंती, अनीता, बबीता, साक्षी श्रीवास्तव, पिंकी देवी, गीता देवी, रामवती, ओमवती, रीना मौर्य, महेश कुमार आर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।