सीएम के निर्देश पर पूर्णागिरि मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण, विभिन्न क्षेत्रो का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट एवं दूरदर्शी निर्देशों के क्रम में पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और सुचारू बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ जुटा हुआ है। इसी क्रम में सीएम कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल के नेतृत्व में शारदा घाट, टनकपुर बैराज पुल एवं सिद्ध बाबा मार्ग का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, मार्ग सुगमता, स्वच्छता सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात SSB, CISF, पुलिस, होमगार्ड एवं PRD के जवानों से संवाद कर उनके सेवा भाव की सराहना की गई। नोडल अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए कार्य कर रही है और मेले में तैनात प्रत्येक कर्मी इसी भावना को साकार कर रहा है। श्रद्धालुओं की सेवा ही सच्चे अर्थों में पुण्य का कार्य है, जिसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।निरीक्षण के उपरांत नोडल अधिकारी श्री बृजवाल खटीमा स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल टनकपुर क्षेत्र के ग्राम प्रधान से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया तथा परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संवेदनशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर नागरिक के सुख-दुख में सहभागी है और विपरीत परिस्थितियों में भी लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। अंत में उन्होंने मां पूर्णागिरि से प्रार्थना करते हुए सभी श्रद्धालुओं की यात्रा को मंगलमय एवं सुरक्षित बनाने की कामना की, साथ ही क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।