
टनकपुर। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ का सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल या सुनवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गुरुवार को आंदोलन के तहत गिरीश वाल्मीकि और नीरज वाल्मीकि क्रमिक अनशन पर बैठे। कर्मचारियों का कहना है कि कई दिनों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और नगर पालिका परिषद की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।
संघ का आरोप है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और नगर पालिका परिषद की होगी।
नगर पालिका परिषद की चुप्पी अब सवालों के घेरे में है। आखिर कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर संवाद कब होगा? क्या समस्याओं का समाधान बातचीत से निकलेगा या आंदोलन और उग्र होने का इंतजार किया जाएगा?


