
टनकपुर। कुमाऊँनी महिला क्लब की ओर से रविवार को क्लब की अध्यक्षा सुमन वर्मा की अध्यक्षता में होटल सॉलिटेयर में सावन विशेष कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन गीता प्रजापति के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में क्लब की महिलाओं ने हरे परिधानों में शामिल होकर सावन की खुशियों और कुमाऊँनी संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम की अध्यक्षा जानकी खर्कवाल एवं विशिष्ट अतिथि बीना किशोरी रहे।कार्यक्रम का आरम्भ गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से किया गया। अनीता नैथानी के सुरों ने कार्यक्रम का समा बांध दिया। उसके बाद क्लब की महिलाओं द्वारा मां गौरा एवं भोलेनाथ जी की प्रार्थना से किया। जिसमें शिव और पार्वती की झांकी भी निकाली गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सावन क्वीन प्रतियोगिता सहित अन्य कार्यक्रमों में क्लब की सदस्यों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। सावन क्वीन का ताज कुसुम जोशी को मिला। कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में एक बेटी तनुजा जोशी को मंच प्रदान करते हुए उसकी पुस्तक अनुग्रह का अनावरण कुमाऊँनी महिला क्लब के माध्यम से करवाया गया। क्लब का उद्देश्य नई प्रतिभाओं और बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर देना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता प्रस्तुत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत क्लब द्वारा इस बेटी की पुस्तक के अनावरण का अवसर प्रदान किया गया।क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि कुमाऊँनी महिला क्लब केवल सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना भी क्लब की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए मंच और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है।कार्यक्रम में क्लब की संरक्षकगण डॉ प्रभा जोशी , गीता चंद एवं लीला तिवारी उपाध्यक्ष हेमा जोशी, सचिव पुष्पा मुरारी, उपसचिव दीप्ति चंद, कोषाध्यक्ष पूनम गडकोटी, उपकोषाध्यक्ष रेनू चंद, मीडिया प्रभारी ऋचा भट्ट, सह मीडिया प्रभारी आशा पूजारी एवं ज्योत्स्ना खर्कवाल, रेखा चंद, ममता चंद, राजेश्वरी, सीमा तिवारी, नंदा धामी एवं समस्त महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने सावन विशेष कार्यक्रम का आनंद लेते हुए इसे यादगार बनाया।


