
टनकपुर (चम्पावत)। माँ पूर्णागिरि मेला ड्यूटी के दौरान शारदा घाट, टनकपुर में तैनात जल पुलिस एवं बचाव दल ने अपनी सतर्कता और तत्परता से दो बालकों को शारदा नदी के तेज बहाव में बहने से सुरक्षित बचाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया।प्रथम घटना में लगभग दोपहर 1:00 बजे अभिनव पुत्र राजेश (उम्र 10 वर्ष) शारदा नदी के तेज बहाव में डूबने लगा। मौके पर मौजूद बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।दूसरी घटना में अक्षय पुत्र शशि कुमार (उम्र 12 वर्ष), निवासी ग्राम बरसानी, तहसील बिसौली, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) स्नान घाट पर स्नान करते समय तेज बहाव में बह गया। बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए उसे भी सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।दोनों घटनाओं में बचाव कार्य करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल कपूर राणा, कांस्टेबल हीरा सिंह, कांस्टेबल भुवन मेहरा, जल पुलिस कर्मी राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र कुमार तथा पीआरडी जवान सूरज कुमार शामिल रहे।स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने बचाव दल की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


