राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस पर टनकपुर के वार्ड नंबर-4 में जागरूकता शिविर आयोजित, लोगों को दी गई निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी

खबर शेयर करें 👉

टनकपुर (चम्पावत), 09 नवंबर 2026।

राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत के सचिव के निर्देशानुसार विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत टनकपुर के वार्ड नंबर-4 के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित कर स्थानीय लोगों को उनके कानूनी अधिकारों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान लोगों को बताया गया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क, निष्पक्ष और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा प्रत्येक नागरिक को उसके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

इस दौरान संविधान के अनुच्छेद 39A की जानकारी देते हुए बताया गया कि राज्य का दायित्व है कि कानूनी व्यवस्था समान अवसर के आधार पर न्याय सुनिश्चित करे और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराए।

शिविर में बताया गया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन, गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले व्यक्ति, औद्योगिक श्रमिक, कैदी, मानव तस्करी के पीड़ित तथा आपदा प्रभावित लोग निःशुल्क विधिक सहायता पाने के पात्र हैं।

इसके अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता, कानूनी परामर्श, न्यायालय शुल्क में छूट तथा लोक अदालत के माध्यम से बिना अतिरिक्त खर्च के विवादों का निस्तारण जैसी सुविधाओं की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SLSA) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की त्रिस्तरीय व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से बताया गया। लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर लोगों को संदेश दिया गया कि न्याय सबके लिए है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं किया जा सकता।

शिविर में पीएलवी (पराविधिक स्वयंसेवक)/अधिकार मित्र के रूप में बिजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, राधिका अधिकारी, दिग्विजय सिंह तड़ागी तथा प्रो बोनो पीएलवी इज़हार अली उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad