
चम्पावत, 09 नवंबर। सोशल मीडिया पर 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के अवसर पर अवकाश घोषित किए जाने संबंधी वायरल आदेश को उत्तराखंड शासन ने फर्जी करार दिया है। शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेन्द्र कुमार ने सोमवार को जारी पत्र में स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा आदेश पूरी तरह कूटरचित और निराधार है।शासन के अनुसार, सामान्य प्रशासन विभाग की 17 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 1457 के माध्यम से 19 अक्टूबर को महानवमी का अवकाश घोषित किया गया था। इसी अधिसूचना में बदलाव कर 11 नवंबर को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।वहीं, सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के महानिदेशक ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इस फर्जी आदेश का खंडन जारी किया है। शासन ने आमजन से अपील की है कि अवकाश संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट या फर्जी आदेश को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
हिमालय समाचार।
सम्पादक -देवेन्द्र यादव,










