
चम्पावत। टनकपुर , दीपावली की खुशियों के बीच टनकपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने वार्ड नंबर-9 निवासी पत्रकार विनोद पाल के बैंक खाते से करीब 23 हजार रुपये निकाल लिए। घटना 7 नवंबर की देर रात की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, रात 11:30 बजे से 12:47 बजे के बीच गूगल पे के माध्यम से पांच अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर उनके खाते से रकम अन्य एप्लीकेशन में ट्रांसफर कर दी गई। पीड़ित को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। 8 नवंबर की सुबह बैंक से ट्रांजेक्शन के मैसेज मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला।पीड़ित के मुताबिक, रकम निकलने से पहले उनके मोबाइल की स्क्रीन अचानक गायब हो गई थी और फोन गर्म होने लगा था। गूगल पे के टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने के बाद मोबाइल हैक कर ठगी किए जाने की आशंका जताई गई।पीड़ित का खाता केनरा बैंक में है। उनका आरोप है कि दीपावली के अवकाश के दौरान खाते को ब्लॉक कराने के लिए बैंक के टोल फ्री नंबर पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।पीड़ित पत्रकार ने साइबर सेल और बैंक प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए खाते को सुरक्षित करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।बैंक की हेल्पलाइन सेवा पर उठे सवाल त्योहार के दौरान हुई इस घटना ने बैंकिंग सेवाओं की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल में अचानक स्क्रीन गायब होने, फोन गर्म होने या अन्य असामान्य गतिविधि को नजरअंदाज न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचें।
हिमालय समाचार
सम्पादक – देवेन्द्र यादव










