देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में चर्चित कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल साहू को 7 नवंबर को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया। देहरादून पुलिस और विशेष जांच टीम (SIT) की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए देहरादून लाया जा रहा है।15 अक्टूबर को मंत्री ने दर्ज कराया था मुकदमामहिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने पति पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल साहू ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उनसे विवाह किया। इसके अलावा कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों में कथित फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया गया।सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लगाए थे आरोपमुकदमा दर्ज होने के बाद गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मंत्री रेखा आर्या के आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने जवाबी आरोप लगाते हुए मंत्री पर करीब 210 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने मंत्री की ओर से सामने लाए गए कथित ऑडियो को भी फर्जी बताते हुए AI से तैयार किए जाने का दावा किया था। इन जवाबी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।अदालत से नहीं मिली राहतगिरफ्तारी से बचने के लिए गिरधारी लाल साहू ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। हालांकि, देहरादून की विशेष अदालत से उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई। वहीं, नैनीताल हाईकोर्ट ने भी एफआईआर रद्द करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी।अब SIT की पूछताछ पर टिकी नजरेंलगातार दबिश के बाद आखिरकार एसआईटी ने झांसी में कार्रवाई करते हुए गिरधारी लाल साहू को गिरफ्तार कर लिया। अब देहरादून पहुंचने के बाद पुलिस उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं।
सम्पादक: देवेन्द्र यादव
हिमालय समाचार










