टनकपुर। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर टनकपुर में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इंसाफ द पावर वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद आंदोलनकारियों को नमन किया गया।
सोमवार शाम 6 बजे सुभाष चौक पर सोसायटी के अध्यक्ष तिलक राम के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को याद किया। साथ ही उनके संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष और अनेक आंदोलनकारियों के त्याग का परिणाम है। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर आंदोलनकारियों के सपनों और संकल्पों को याद करने का भी दिन है, जिनके संघर्ष से अलग राज्य का सपना साकार हुआ।
कार्यक्रम में किशन लाल, पुष्कर राम, गिरिश कुमार, बलवंत सिंह कुल्याल, भीम दत्त जोशी और राज्य आंदोलनकारी गंगा गिरि गोस्वामी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शहीद आंदोलनकारियों के बलिदान को नमन करते हुए उनके सपनों के उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।










