टनकपुर (चम्पावत)। संस्कृत संस्थानम् के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री डॉ. नवीन चंद्र पंत अपने एक दिवसीय चम्पावत दौरे के दौरान टनकपुर पहुंचे। यहां पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की और मीडिया से भी बातचीत की।मीडिया से रूबरू होते हुए राज्य मंत्री डॉ. पंत ने संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार को लेकर सरकार की पहल और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण भाषा है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने और जन-जन तक लोकप्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि आगामी हरिद्वार कुंभ मेले में संस्कृत भाषा को विशेष महत्व दिया जाएगा। इसके तहत कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सूचना बोर्ड, दिशा-सूचक पट्ट एवं स्लोगन संस्कृत भाषा में लिखे जाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भारतीय संस्कृति और संस्कृत की समृद्ध परंपरा से परिचित हो सकें।डॉ. पंत ने कहा कि संस्कृत को तीसरी भाषा के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। संस्कृत को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर आम बोलचाल और व्यवहार में शामिल करना जरूरी है। इसके लिए जनसहभागिता भी महत्वपूर्ण है।इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी राज्य मंत्री के साथ चर्चा की।










