
टनकपुर (चम्पावत)। शहर के वार्ड नंबर-04 बस स्टैंड रोड क्षेत्र में पेयजल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले करीब 22 दिनों से क्षेत्र में नियमित जल आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल किल्लत से त्रस्त स्थानीय लोगों ने समाजिक कार्यकर्त्ता दीपक चंद्र भट्ट के नेतृत्व में जिलाधिकारी को सम्बोधित हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जल संस्थान में सौपा।
जिलाधिकारी को सम्बोधित ज्ञापन के मुताबिक जल संस्थान में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले सड़क खुदाई के दौरान कार्यदायी संस्था द्वारा पुरानी पाइप लाइन को कई जगहों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिसके कारण जल आपूर्ति बाधित हो गई।
क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जल संस्थान और संबंधित संस्था के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को शीघ्र ठीक कराया जाए, ताकि क्षेत्र में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो हमें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन में दीपक चंद्र भट्ट, महेश शर्मा, शिवकुमार, सतीश कुमार, सीमा रानी, गीता, सतीश कुमार, पूजा, मुकेश कुमार, कन्हैया लाल, शुभम, सदानंद, शशिबाला, राजेंद्र, संध्या कश्यप, निर्मला, श्यामा देवी, श्याम कुमार, राम दुलारे, सर्वेश कुमार, लोचन लाल, श्याम बाबू, शाहिद, प्रीति, शकुंतला, राजीव, रामचंद्र सहित दर्जनों लोगों के हस्ताक्षर हैं।


