टनकपुर-खटीमा मार्ग पर राहगीरों को सतर्क रहने की जरूरत
टनकपुर/खटीमा। चकरपुर जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बन रावत बस्ती से पहले सड़क किनारे बना यात्री प्रतीक्षालय हाथी ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। मौके पर झाड़ियों के बीच से हाथी के आने-जाने का रास्ता बना हुआ है। आसपास हाथियों के मल और पैरों के निशान भी दिखाई दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में हाथियों की सक्रिय मौजूदगी की पुष्टि होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र में गजराज की आवाजाही लगातार बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि वन विभाग द्वारा इस संवेदनशील क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
लगातार हाथियों की सक्रियता के बावजूद यदि यात्री प्रतीक्षालय और आसपास के सार्वजनिक स्थान सुरक्षित नहीं हैं, तो राहगीरों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। वन विभाग को मामले का संज्ञान लेकर क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है।
वहीं, टनकपुर-खटीमा मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों से अपील है कि चकरपुर जंगल क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतें। हाथी दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें।










