
टनकपुर (चम्पावत)। मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टनकपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान में कोतवाली टनकपुर पुलिस टीम ने अवैध शराब के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक चंपावत/टनकपुर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में चौकी प्रभारी मनिहारगोठ उपनिरीक्षक तेज कुमार के नेतृत्व में टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग और सुरागरसी अभियान चलाया गया। इसी दौरान कुशल पतारसी करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त अमित कुमार (27 वर्ष) पुत्र बाबूराम, निवासी परसेहरा पोस्ट कैमहरा, थाना मैगलगंज, जनपद लखीमपुर खीरी यूपी (हाल निवासी शारदा खनन क्षेत्र, टनकपुर) के तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 24 क्वार्टर करनाली डीलक्स नेपाली शराब बरामद की गई। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक तेज कुमार, कां. दीपक सिंह और कां. साजिद हुसैन मौजूद रहे।


