संजय पाण्डे ने उठाई जनहित की आवाज, मेडिकल कालेज के प्राचार्य से की मुलाकात, विशेषज्ञ डॉक्टरों और मरीजों की सुविधाओं को लेकर की खास पहल

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल से मुलाकात कर मरीजों एवं उनके परिजनों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी भी मौजूद रहे।संजय पाण्डे ने कहा कि पहाड़ के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिलनी चाहिए, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने मरीजों को रेफर करने की प्रक्रिया में संबंधित वरिष्ठ अथवा विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह को आवश्यक बनाए जाने की बात कही।उन्होंने दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक ओपीडी एवं संबंधित विभाग में अधिकृत टेलीफोन नंबर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, ताकि परिजन फोन के माध्यम से मरीज की स्थिति एवं उपचार की जानकारी प्राप्त कर सकें।प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि “मेडिकल कॉलेज किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की पूरी जनता का है।”संजय पाण्डे ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि मरीजों और आम जनता की समस्याओं का सकारात्मक समाधान कराना है। उन्होंने भविष्य में भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को आवश्यकता पड़ने पर सहयोग देने की बात कही।

Ad