
टनकपुर, 30 अक्टूबर 2026।राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की ओर से 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित राष्ट्रीय स्तरीय सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत के सचिव के निर्देशानुसार टनकपुर क्षेत्र के तीन विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।

अभियान के तहत प्राथमिक विद्यालय मनिहारगोठ, इंटर कॉलेज गेंडाखाली और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमबाग में शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने की, जबकि संचालन पीएलवी (अधिकार मित्र) शमशाद बानो ने किया। शिविर में पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक गुरविंदर कौर और हेड कांस्टेबल भावना भी मौजूद रहीं।शिविर के दौरान बच्चों को गुड टच-बैड टच, पोक्सो अधिनियम-2012, बाल अनुकूल कानूनी सेवाएं-2024 और किशोर न्याय अधिनियम सहित बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके अलावा बाल विवाह, बाल श्रम और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि की सूचना संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।बच्चों को नशा तस्करी की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1933 और 14446 की जानकारी दी गई। साथ ही निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में बताया गया। इस दौरान बच्चों को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएलवी बिजेंद्र अग्रवाल, अनिल कुमार, शमशाद बानो, सुनील कुमार तथा प्रो-बोनो पीएलवी इज़हार अली ने सहयोग किया।



