नमामि गंगे समिति की बैठक में डीएम सख्त, लेगेसी वेस्ट के शत-प्रतिशत निस्तारण के निर्देश

खबर शेयर करें 👉

चंपावत, 29 अक्टूबर। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में नमामि गंगे समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण, सीवेज प्रबंधन और अपशिष्ट निस्तारण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने नगर निकायों में लेगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से शत-प्रतिशत निस्तारण समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नदियों और जल स्रोतों में किसी भी प्रकार का ठोस कचरा नहीं पहुंचना चाहिए। इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया।बैठक में फ्लड प्लेन जोनिंग के अंतर्गत चिन्हित गांवों के सीमांकन की प्रक्रिया पूरी करने और बाढ़ संभावित क्षेत्रों का सटीक चिन्हांकन करने के निर्देश भी दिए गए।इसके अलावा चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर, मां पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र और बनबसा में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तावों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नगर निकाय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) सहित संबंधित संस्थानों के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, एसडीओ सुनील कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप सहित नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad