चम्पावत, 28 अक्टूबर। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में बॉर्डर इश्यूज एंड एक्शन कमेटी (बीआईएसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा सुरक्षा, मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम, अतिक्रमण, नागरिकता संबंधी मामलों, सीमावर्ती गांवों के विकास और दूरसंचार सुविधाओं की समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सीमावर्ती क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने और सामने आने वाले मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा से जुड़े मामलों में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।डीएम ने पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध प्रवेश से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने और उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि को एसएसबी के साथ समन्वय बनाकर सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण चिह्नित करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।सीमावर्ती गांवों के विकास की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत संचालित कार्यों की नियमित निगरानी करने और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरसंचार सुविधाओं से वंचित गांवों और सीमा चौकियों तक संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने को कहा। इसके अलावा जिला दूरसंचार समिति की बैठक आयोजित कर भारतनेट की उपलब्धता की समीक्षा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने आर्थिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सत्यापन की कार्रवाई जारी रखने और संदिग्ध मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही नागरिकता संबंधी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत सहित उपजिलाधिकारी, एसएसबी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।



