
टनकपुर, 19 जून। पूर्णागिरि मेला ड्यूटी के दौरान शारदा घाट पर तैनात जल पुलिस एवं बचाव दल की तत्परता से शुक्रवार को तीन श्रद्धालुओं को डूबने से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राकेश चंद्र (35 वर्ष) पुत्र जगदीश चंद्र निवासी आदर्श कॉलोनी, टनकपुर, शारदा नदी में स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी के तेज बहाव में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी क्रम में मिथुन कुमार (23 वर्ष) पुत्र बालेंद्र सिंह तथा अतुल कुमार पुत्र पप्पू सिंह निवासी ग्राम पोपी नगला, तहसील एवं थाना कासगंज, जिला कासगंज (उत्तर प्रदेश) भी स्नान करते समय गहरे पानी के बहाव में फंस गए। दोनों युवकों को भी ड्यूटी पर तैनात बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल मनोज राणा, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल दीपक भट्ट, 31वीं वाहिनी पीएसी ई-डाल, जल पुलिस कर्मी राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र पहलवान, पीआरडी जवान सूरज शर्मा एवं स्थानीय तैराक योगेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बचाव दल की तत्परता और साहसिक प्रयासों की स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं ने सराहना की। समय रहते की गई कार्रवाई से तीन लोगों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।


