अल्मोड़ा के एलआर साह रोड व मुख्य बाजार की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर एसएसपी से मिले संजय पाण्डे, स्कूली बच्चों की सुरक्षा की प्रमुखता से उठायी मांग

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा। शहर की यातायात व्यवस्था एवं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पाण्डे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके से मुलाकात की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी भी मौजूद रहे।संजय पाण्डे ने एसएसपी को पत्र सौंपकर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय एलआर साह रोड पर एनटीडी से शिखर तिराहे तक चौपहिया वाहनों के संचालन को नियंत्रित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संकरा मार्ग होने के कारण स्कूल समय में बच्चों की भारी आवाजाही रहती है। सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग और वाहनों के दबाव से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।उन्होंने स्कूल समय में यातायात नियंत्रण के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती, अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई तथा साईं मंदिर और विशाल मेगा मार्ट के पास आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की। साथ ही एंबुलेंस व अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग सुगम रखने पर जोर दिया।मुख्य बाजार में तेज गति से चलने वाले दोपहिया वाहनों पर नियंत्रण तथा केवल आवश्यक वाहनों के प्रवेश की पूर्व व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी गई।सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी ने कहा कि यातायात व्यवस्था का उद्देश्य केवल वाहनों का संचालन नहीं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना ही कम हो।संजय पाण्डे ने बताया कि वह इस मुद्दे को पूर्व में कुमाऊं मंडल आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के समक्ष भी उठा चुके हैं। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।पाण्डे ने कहा कि उनकी मांग का उद्देश्य किसी विद्यालय या वाहन संचालक को परेशानी में डालना नहीं, बल्कि अल्मोड़ा शहर में सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Ad