
चम्पावत, 26 सितंबर 2026 , जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जिला सभागार चम्पावत में शनिवार को एक दिवसीय ई-ऑफिस प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें जनपद के विभिन्न शासकीय विभागों के कनिष्ठ सहायक से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्तर तक करीब 180 अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों ने ई-ऑफिस संचालन एवं डिजिटल पत्राचार की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। बताया गया कि ई-ऑफिस से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ेगी तथा फाइलों और पत्रों का त्वरित निस्तारण संभव होगा।

डिजिटल कार्यप्रणाली से कागजी कार्रवाई में लगने वाले समय और सरकारी खर्च में भी कमी आएगी।प्रशिक्षण जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक तनुज सिंह रावल, स्वान प्रभारी हर्षित कुमार एवं सीनियर नेटवर्क इंजीनियर (एनआईसी) रजत पांडेय ने दिया। बताया गया कि चम्पावत जनपद के 87 शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। अधिकारियों ने ई-ऑफिस को सुरक्षित, प्रभावी और जवाबदेह शासकीय कार्यप्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण माध्यम बताया।



