उपलब्धि – डॉ. जगदीश पंत ‘कुमुद’ बने उत्तराखंड भाषा संस्थान के सदस्य, क्षेत्र के साहित्यकारों, प्रबुद्धजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर

खबर शेयर करें 👉

खटीमा(उधम सिंह नगर) – क्षेत्र के लब्धप्रतिष्ठित साहित्यकार एवं भाषाविद डॉ. जगदीश पंत ‘कुमुद’ को उत्तराखंड शासन के भाषा विभाग द्वारा उत्तराखंड भाषा संस्थान का सदस्य नामित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के साहित्यकारों, प्रबुद्धजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चकरपुर में सेवारत डॉ. पंत लंबे समय से साहित्य सृजन के साथ-साथ भाषाई संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। साहित्य की विभिन्न विधाओं में उनकी छह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इसी वर्ष प्रकाशित उनका आत्मकथात्मक उपन्यास ‘समय से संलाप’ भी खासा चर्चित रहा है। देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में उनकी कहानियां, लघुकथाएं, कविताएं और लेख लगातार प्रकाशित होते रहे हैं।डॉ. पंत लंबे समय से बुक्सा जनजाति की भाषा पर भी शोध एवं कार्य कर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनकी साहित्यिक एवं भाषाई सेवाओं को देखते हुए इसी वर्ष उन्हें प्रदेश के राज्यपाल, भाषा मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।डॉ. जगदीश पंत ‘कुमुद’ को उत्तराखंड भाषा संस्थान का सदस्य नामित किए जाने पर प्रोफेसर सिद्धेश्वर सिंह, डॉ. रूप चंद्र शास्त्री, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, राज्य मंत्री रंजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, वरुण अग्रवाल, हिमांशु बिष्ट, सतीश भट्ट, अमित पांडे, रविंद्र पांडे ‘पपीहा’, रामरतन यादव, दीपक फुलेरा, रावेंद्र रवि तथा डॉ. महेंद्र प्रताप पांडे ‘नंद’ समेत अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।