
चम्पावत, 07 सितम्बर 2026।घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक पहाड़ी से एक भारी-भरकम बोल्डर सड़क किनारे खड़े वाहन UK05TA2878 के ऊपर आ गिरा !

हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं।बोल्डर गिरने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग, SDRF और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं।रेस्क्यू अभियान के दौरान दो घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि वाहन में फंसे/मौके पर मौजूद अन्य तीन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नीतू डागर स्वयं मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए रेस्क्यू को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।एसीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने दो एम्बुलेंस मौके पर रवाना कर दीं, ताकि घायलों को बिना किसी देरी के उपचार उपलब्ध कराया जा सके।फिलहाल मौके पर SDRF समेत तमाम टीमें मुस्तैद हैं और पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिरने की आशंका के बीच सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है।हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर अचानक होने वाले भूस्खलन और बोल्डर गिरने के खतरे को सामने ला दिया है।
रिपोर्ट ÷देवेन्द्र यादव



